हापुड़। बीते सोमवार को शिवपुरी निवासी प्लाईवुड व्यापारी राजीव कंसल ने खुद को गोली मारकर जान देने के मामले में पुलिस ने नगर के चार व्यापारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों द्वारा दिए कर्ज का सख्ती से तगादा किया जा रहा था। जिससे टेंसन में आकर राजीव कंसल ने जान दी है।
बता दें कि हापुड के रेलवे रोड स्थित मोहल्ला शिवपुरी निवासी व्यापारी राजीव कंसल ने सोमवार सुबह एलएन स्कूल के पास अपने गोदाम पर खुद को गोली मारकर जान दे दी थी।
मामले में मृतक के पिता पूरनमल ने हापुड शहर के चार व्यापारियों के खिलाफ तहरीर दी थी। मृतक के पिता पूरनमल का आरोप है कि इन व्यापारियों से व्यापार के लिए राजीव ने कर्ज लिया था।
इसके बाद से व्यापारी संजय पर सूद सहित कर्ज वापस करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। राजीव लगातार कोरोना काल का हवाला देकर समय मांग रहे थे, लेकिन आरोपियों द्वारा सख्ती से तगादा किया जा रहा था। इसमें पिता की तहरीर पर पुलिस ने व्यापारी हेमचंद सराफ, योगेश दलाल, मनीष कंसल और संजीव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि चारो नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


