हापुड। सिटी कोतवाली पुलिस ने दो महिला सहित एक व्यक्ति पर 50 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की है।
बता दें कि विधानसभा चुनाव में कई सालों से क्षेत्र में मेहनत कर रहे नेताओ के सपनो पर गठबंधन होने से पानी फिरता नजर आने पर लोग टिकट के लिए कई तरह के जुगाड़ लगाने में जुट गए थे। कोई हाई कमान और बड़े लीडरों के चक्कर लगाने में लगे तो कुछ पैसों के आधार पर टिकट की तिगडम में जुटे थे। बता दे कि सपा-रालोद से गठबंधन प्रत्याशी गजराज सिंह घोषित होते ही सपा व रालोद से तैयारी कर रहे नेताओ का सपना चकनाचूर हो गया। हापुड विधानसभा क्षेत्र से रिटायर्ड सीओ सेंसेरपाल भी समाजवादी पार्टी से चुनाव की तैयारियों में लगे थे उन्होंने बुलंदशहर रोड पर कार्यालय बनाने के साथ नगर में होर्डिंग भी लगाए हुए थे उनका सपा से टिकट होने की नगर में चर्चा भी बनी हुई थी। लेकिन कांग्रेस के पूर्व विधायक गजराज सिंह के अचानक रालोद-सपा से प्रत्याशी घोषित होते ही बाकी नेताओ के सपने टूट गए।
मिली जानकारी के अनुसार सेंसेरपाल के संपर्क में आई रीता चौधरी ने उन्हें सपा से टिकट दिलाने के नाम पर उनसे 50 लाख रुपये हड़प लिए। सीओ सिटी वैभव पाण्डे ने बताया कि सेंसेरपाल की तहरीर के आधार पर रीता चौधरी उसके पति घरेन्द्र उर्फ मोनू व सुमन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही की जा रही हैं।


