हापुड़। जिले के कपूरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी लापरवाही और संवेदनहीनता का मामला सामने आया है। एक महिला से छेड़छाड़ की शिकायत को तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। पुलिस की इस निष्क्रियता का फायदा उठाकर, आरोपी इतने बेखौफ हो गए कि उन्होंने शिकायत करने वाली पीड़िता को सरेआम सड़क पर बाल पकड़कर घसीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
DIG नैथानी की कार्रवाई के बावजूद पुलिस नहीं ले रही सबक
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी महिला संबंधी मामलों में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई कर चुके हैं। हाल ही में उन्होंने ऐसे ही एक संवेदनशील मामले में एक थाना प्रभारी और एक दरोगा को निलंबित करने की कार्रवाई की थी।
इसके बावजूद, कपूरपुर पुलिस ने न सिर्फ महिला की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया, बल्कि उसे टालती रही। पुलिस की इसी ढिलाई के कारण, आरोपियों का दुस्साहस बढ़ा और उन्होंने पीड़िता के साथ सार्वजनिक रूप से मारपीट और अभद्रता की।
वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
सड़क पर महिला को बेरहमी से घसीटने का वीडियो वायरल होने के बाद, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। हालांकि, स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अब पुलिस पर दबाव बढ़ने के बाद मामले में कार्रवाई करने की बात सामने आ रही है।
सवाल: महिला सुरक्षा और पुलिस की जवाबदेही को लेकर सख्त रुख अपनाने वाले डीआईजी कलानिधि नैथानी की कार्रवाई के बावजूद, हापुड़ पुलिस सबक क्यों नहीं ले रही है? इस गंभीर लापरवाही के लिए कपूरपुर थाने के संबंधित अधिकारियों पर कब कार्रवाई होगी।


