Banga Electronics

Kidszee

हापुड उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) ने डीएम को सौपा ज्ञापन

रिपोर्ट- शिवकुमार रावत

हापुड। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर बताया कि 2 अगस्त को निर्गत शासनादेश के क्रम में आज दिनांक 16 अगस्त 2021 से माध्यमिक विद्यालयों को दो पालियों में प्रातः 8:00 से 12:00 बजे तक एवं अपरान्ह 12:30 बजे से 4:30 बजे तक संचालित किए जाने तथा अध्यापकों को दोनों पालियों मे 8 घंटे तक अध्यापन कार्य कराने का निर्देश नितांत अव्यावहारिक एवं आपत्तिजनक है। किसी भी अध्यापक के लिए 8 घंटे तक अध्यापन कार्य कदापि संभव नहीं है।

मान्यवर, विनियमों के समकक्ष बल रखने वाली शिक्षा संहिता के पैरा 87 के द्वारा किसी भी संस्था में 2 पालियों में कक्षा संचालन पर रोक लगाई गई है तथा पैरा- 86 (1) के द्वारा विद्यालयों में विश्रांति समय को छोड़कर शिक्षण कार्य के लिए अगस्त से मार्च तक 5 घंटे 20 मिनट तथा गर्मियों में अप्रैल-मई व जुलाई में 4 घंटे और 35 मिनट निर्धारित किया गया है। यह व्यवस्था शिक्षण सिद्धांतों और शिक्षा शास्त्रियों से विमर्श के अनुरूप निर्धारित है।

इसे मार्गदर्शी सिद्धांत मानते हुए ही शासनादेश दिनांक 30 अक्टूबर 2014 के द्वारा माध्यमिक विद्यालयों का शिक्षण समयावधि 01 अप्रैल से 30 सितंबर तक 7:30 से 12:30 तक तथा 01 अक्टूबर से 31 मार्च तक 8:50 से 2:50 तक निर्धारित किया गया है। इसके विपरीत संस्थाओं में शिक्षकों को साढ़े 8 घंटे तक शिक्षण कार्य के लिए रोकना किसी भी प्रकार से उचित नहीं है।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) के द्वारा आज दिनांक 16 अगस्त 2021 को प्रेषित इस ज्ञापन के माध्यम से आपसे विनम्र अनुरोध है कि इस विषय पर शिक्षाविदों से गंभीर विचार-विमर्श कर निर्णय लिया जाए और तब तक शिक्षा संहिता की धारा 86 (1) के अनुरूप तथा शासनादेश दिनांक 30 अक्टूबर 2014 के अनुसार विद्यालय और कक्षाओं का संचालन किए जाने निर्देश निर्गत किया जाए।