By- Naveen gautam/Shivkumar rawat
हापुड़। जनपद में 16 जुलाई से चल रहे दस्तक अभियान की हकीकत देखने और समझने के लिए बृहस्पतिवार को खुद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. सुनील त्यागी देहात क्षेत्र के भ्रमण पर निकल पड़े। जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डा. राजेश सिंह और जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) सतेंद्र कुमार को साथ लेकर सीएमओ ने दो गांवों का दौरा किया। सीएमओ ने ग्रामीणों से बात कर दस्तक अभियान की टीम पहुंचने की न केवल तसदीक की बल्कि यह भी जानने का प्रयास किया कि टीम ने गांव में जाकर किया क्या? इतना ही नहीं सीएमओ ने गांव में जल जमाव और मच्छर के लार्वा, संभावित जगहों पर सफाई व्यवस्था के संबंध ग्राम प्रधान से बात भी की और साथ ही जिला मलेरिया अधिकारी को भी जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
बता दें कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जनपद में 16 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चल रहा है। दस्तक अभियान स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं और बुखार, कोविड व टीबी रोगियों की पहचान कर रही हैं।
जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत चल रहे दस्तक अभियान की हकीकत जानने के लिए सीएमओ डा. सुनील त्यागी सबसे पहले अमीपुर नगोला गांव पहुंचे।
गांव में भ्रमण कर सीएमओ ने साफ - सफाई का जायजा लिया और साथ ही दस्तक अभियान का स्टीकर लगे घरों में पहुंची टीम ने सर्वे के दौरान कौन-कौन सी जानकारी हासिल की, यह भी पूछा। सीएमओ ने मौके पर ही जिला मलेरिया अधिकारी को डेंगू को लेकर खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस संबंध में उन्होंने ग्रामीणों को भी बचाव के बारे में जानकारी दी और साथ ही बुखार होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श के बाद ही दवा लेने की सलाह दी। सीएमओ के साथ चल रहे डीटीओ डा. राजेश सिंह ने दस्तक टीम द्वारा टीबी के लक्षणों के बारे में दी गई जानकारी और फिर पूछे गए सवालों के बारे में जानने का प्रयास किया। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को टीबी के लक्षणों के बारे में विस्तार से बताते हुए निशुल्क जांच और उपचार की जानकारी भी दी।
इसके साथ ही जिला मलेरिया अधिकारी सतेंद्र कुमार ने ग्रामीणों को बताया - बरसात के मौसम में मच्छर बढ़ जाते हैं, जो डेंगू और मलेरिया जैसे रोगों का कारण बनते हैं। इनसे बचाव के लिए मच्छरों से बचाव जरूरी है। प्रयास करें कि आपके घर में और आसपास जल जमाव न होने पाए। उन्होंने ग्रामीणों को बताया डेंगू के लिए जिम्मेदार एडीज मच्छर साफ पानी में पनपता है। बच्चों को पूरे शरीर को ढंकने वाले कपड़े पहनाएं और सोने के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें। दोपहर बाद सीएमओ डा. त्यागी पूरी टीम के साथ गढ़ में बाढ़ चौकी का निरीक्षण करने भी पहुंचे। टीम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक सतीश कुमार भी शामिल रहे।


