- जिला जज, डीएम, एसपी ने किया कार्यशाला का निरीक्षण
रिपोर्ट- नवीन गौतम
हापुड। इण्डिया विजन फ़ाउंडेशन एवं ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय के सहयोग से जिला कारागार डासना में निरूद्ध होने वाले बंदियों को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी देकर उन्हें विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किए जाने के लिए छह माह के पाइलट प्रोजेक्ट "प्रयत्न" नाम से शुरू किया गया है। इस प्रोग्राम के अंतर्गत इस कारागार में निरुद्ध बंदियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है ताकि वे अन्य बंदियों, विशेषकर नए आने वाले बंदियों जिन्हें वारंटीन बैरकों में रखा जाता है, की कानूनी आवश्यकताओं एवं समस्याओं का समाधान कर सके। इसके अंतर्गत कानूनी सहायता देना कानूनी अधिकारों व नियमों की जानकारी देना तथा अपराध एवं उसकी प्रकृति का अध्ययन भी शामिल है। यह प्रोजेक्ट नियमित रूप से संचालित होगा तथा साप्ताहिक प्रोजेक्ट परफार्मेस एनालिसिस होगा। उक्त कार्यशाला का अवलोकन एवं निरीक्षण जनपद हापुड न्यायाधीश बृजेन्द्र मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी मेधा रूपम एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा किया गया तथा जनपद न्यायाधीश हापुड़ द्वारा इण्डिया विजन फ़ाउंडेशन एवं ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय की कार्यशाला की प्रशंसा की गयी। इस अवसर पर जेल अधीक्षक आलोक सिंह, कारापाल बृजेन्द्र सिंह तथा सर्किल इंचार्ज उप कारापाल संजय कुमार शाही तथा इण्डिया विजन फ़ाउंडेशन के रवि श्रीवास्तव, प्रितेश सिंह, पूजा पांडे एवं ओ. पी. जिंदल विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ राजा बग्गा, ईशिका एवं कात्यायनी उपस्थित रहे।


