Banga Electronics

Kidszee

हापुड : रामलीला समिति के पदाधिकारियों और कोतवाल में हुई नोकझोंक


रिपोर्ट- नवीन गौतम/ शिवकुमार रावत
हापुड। सोमवार की रात रामलीला परिसर स्थित दुकानों में प्रयोग किए जा रहे घरेलू गैस सिलिंडर को हटवाने पर कोतवाल और रामलीला समिति के पदाधिकारियों में जमकर नोकझोंक हो गई। करीब एक घंटा तक चले हंगामा के बाद समिति द्वारा घरेलू सिलिंडर हटवाने और आग से बचाव के उपकरण रखने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
पिछले दिनों भदौली अग्निकांड के बाद पुलिस प्रशासन ने रामलीला मेले में सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। मेला परिसर में चाट समेत अन्य खान-पान की दुकान लगी है, जिनमें घरेलू गैस सिलिंडर का प्रयोग हो रहा है।
सोमवार की रात पिलखुआ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह पिलखुआ मेला परिसर में पहुंचे और दुकानदारों से आग से बचाव के उपकरण समेत घरेलू सिलेंडर की जगह व्यवसायिक गैस सिलिंडरों का प्रयोग करने की हिदायत दी। इस दौरान समिति के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने विरोध किया। जिसके कारण दोनों में नोकझोंक शुरू हो गई।
पिलखुआ मेला अधिकारी अखिलेश मित्तल का कहना है कि मेला खुले में आयोजित हो रहे है। आग संबंधित बचाव के सभी उपकरण और व्यवस्था पहले से की हुई है। इसके बावजूद भी जबरन दुकानदारों का शोषण किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि कोरोना काल के दो साल बाद रामलीला का मंचन व्यवस्थित तरीके से हो रहा है। लेकिन पुलिस-प्रशासन का सहयोग कम मिल रहा है। मामले की शिकायत पूर्व राज्यमंत्री अतुल गर्ग और विधायक धर्मेश सिंह तोमर के अलावा एडीएम से की गई है।
पिलखुआ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह का कहना है कि मौके पर किसी भी प्रकार के आग लगने के बाद उसे बुझाने के उपकरण नहीं थे। मेले में घरेलू गैस सिलिंडर का प्रयोग प्रतिबंधित है। लोगों की सुरक्षा को लेकर ही यह सख्ती की गई है।