यूपी नगर निकाय चुनाव : 2022 के एलान में अभी और होगी देरी, जनवरी में हो सकते हैं चुनाव, ये वजह आई सामने, पहले माना जा रहा था कि नवंबर के अंतिम सप्ताह तक निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि राज्य निर्वाचन आयोग को आठ जनवरी से पहले निकाय चुनाव करवाने हैं।
यूपी में होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए होने वाली अधिसूचना का अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। इसकी वजह पांच दिसंबर से शुरू होने वाला विधानमंडल का शीतकालीन सत्र है। असल में शीतकालीन सत्र के दौरान सरकार अनुपूरक बजट भी पेश करेगी। इस दौरान कुछ नई योजनाओं की घोषणा भी की जा सकती है। अगर सत्र के पहले अधिसूचना जारी हो गई तो चुनाव आचार संहिता लग जाएगी। ऐसे में किसी भी योजना का एलान करने से उसका असर चुनाव आचार संहिता पर भी पड़ेगा। बहरहाल अभी कोई भी अधिकारी इस बारे में कुछ भी बोलने से बच रहा है।
राज्य निर्वाचन आयोग को आठ जनवरी से पहले निकाय चुनाव करवाने हैं। नगर विकास विभाग आरक्षण तय करने के लिए तेजी से काम कर रहा है। पहले माना जा रहा था कि नवंबर के अंतिम सप्ताह तक निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी हो सकती है। लेकिन विधानसभा के शीतकालीन सत्र की घोषणा होने के बाद अब हालात बदलते नजर आ रहे हैं। प्रदेश में 763 नगरीय निकाय संस्थाओं के चुनाव होने हैं।



