By- Ahmed suhel/ Pawan Kumar
हापुड़। सिटी कोतवाली क्षेत्र के सबली मोड़ के पास बाइक और कार की टक्कर हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान कार चालक के साथ दरोगा ने मारपीट भी की। इसके बाद पुलिस ने बाइक सवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि दरोगा द्वारा मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार आनंद विहार निवासी महाराज सिंह बाइक पर सवार होकर आ रहे थे तभी उनकी बाइक में कार ने टक्कर मार दी। जिसमें वह चोटिल हो गए। इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि इस दौरान दरोगा और कार चालक के बीच हाथापाई हो गई। जिसमें दरोगा ने कार चालक को पीटना शुरू कर दिया। पुलिस कार सवार को लेकर थाने आ गई। पीड़ित ने आरोपी कार चालक अमित मित्तल के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। वहीं मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
मामले में कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर पुलिस गई थी। आरोपी को पकड़कर थाने लाया जा रहा था। मारपीट के आरोप निराधार हैं। पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज किया जा रहा है।



