Banga Electronics

Kidszee

हापुड़। महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग व जागरुक रहे : छाया शर्मा

-देव मेमोरियल पब्लिक स्कूल गढ़मुक्तेश्वर में शिविर का किया गया आयोजन
रिपोर्ट - लक्ष्मण सिंह 
हापुड़। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राष्ट्रीय महिला आयोग के संयुक्त तत्वावधान में उ.प्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रविंद्र कुमार प्रथम के दिशा-निर्देश में 12 जुलाई से 31 जुलाई तक महिलाओं के हित संरक्षण कानून विषय पर शुक्रवार को देव मेमोरियल पब्लिक स्कूल गढ़मुक्तेश्वर में तृतीय विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्राम पंचायतों की महिलाओं व बालिकाओं ने प्रतिभाग लिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अपर जिला जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छाया शर्मा ने शिविर का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर किया। 
उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वयं को निर्बल न समझे, बल्कि अपने अधिकारों के प्रति सजग व जागरूक रहें। उन्होंने महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता, रात में गिरफ्तारी न होने, गिरफ्तारी से पूर्व व पश्चात महिलाओं के अधिकार, महिला पुलिसकर्मी की उपस्थिति में पूछताछ होने, सम्पत्ति का अधिकार, असमानता के अधिकार, श्रमिक महिलाओं के अधिकार, किसी भी महिला का सुबह छह बजे से पहले एवं शाम को सात बजे के बाद काम पर नहीं बुलाए जाने एवं भारतीय दण्ड संहिता, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम आदि में महिलाओं के हितों से संबंधित प्रावधानों की विस्तृतपूर्ण जानकारी दी। गढ़मुक्तेश्वर सीओ आशुतोष शिवम द्वारा मिशन शक्ति, महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ से जागरुक करते हुए पुलिस हेल्पलाईन नम्बर 1090, 1076, 112 आदि से अवगत कराया गया। डा० दिप्ती मलिक द्वारा महिलाओं को होने वाली बिमारियों से बचाव के बारे में जागरुक किया गया। रिसोर्स पर्सन विशाल अग्रवाल, एडवोकेट द्वारा महिलाओं के भरण-पोषण से संबंधित अधिकारों व पोक्सो अधिनियम के प्रावधानों पर प्रकाश डाला गया। अजय सैनी, एडवोकेट द्वारा महिलाओं के प्रति दहेज के लिये क्रूरता, दहेज हत्या, घरेलू हिसा, बलात्कार व लैंगिक अपराध से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी गयी। खण्ड विकास अधिकारी गढ़ अनुराधा द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान एवं महिलाओं से संबंधित अन्य योजनाओं के बारे में बताते हुए हेल्प लाईन नम्बर 181 के बारे में जानकारी दी गयी। रिसोर्स पर्सन डॉ. दिनेश खत्री द्वारा प्रसव पूर्व लिंग परीक्षण को दण्डनीय अपराध, एच.पी. वायरस के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी। इसके साथ-साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, की ओर से उपस्थित महिलाओं को विधिक जागरुकता के लिए पम्पलेट एवं पोषण पुस्तिका वितरित की गयी एवं महिलाओं को सूक्ष्म जल-पान की व्यवस्था की गयी। कार्यक्रम का संचालन शिक्षा विभाग के अरुण त्यागी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या मंजू सिंह, राजेन्द्र सिंह, कोर्डिनेटर योगेन्द्र सिंह, अंकित कुमार, मुन्तियाज अली, अरविन्द कुमार का विशेष सहयोग रहा।