By - Anuj Singh/Mo, Hashim
हापुड़। नगर पालिका परिषद क्षेत्र की नवज्योति कॉलोनी में खेल रहें 4 बच्चों पर पिटबुल कुत्ते ने हमला कर दिया, जबकि साइकिल चला रहे एक बच्चे को काटने के साथ ही उसे सड़क पर घसीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, और कुछ ही देर बाद एक अन्य बच्ची को भी कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया।
बता दें कि नवज्योति कॉलोनी में साइकिल चला रहे आठ वर्षीय बालक सारांश अग्रवाल पर पिटबुल कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते के काटने के से बच्चा गम्भीर रूप से घायल हो गया। भाई को बचाने के लिए छोटी बहन ने रैकेट से कुत्ते को हटाने का प्रयास भी किया। कुछ ही देर बाद एक अन्य बच्ची को भी कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया।
कॉलोनी निवासी सुधांशु अग्रवाल का आठ वर्षीय पुत्र सारांश अग्रवाल रविवार शाम करीब पांच बजे मोहल्ले में साइकिल चला रहा था। इसी दौरान स्थानीय निवासी एक व्यक्ति के घर पालतू प्रतिबंधित पिटबुल प्रजाति के कुत्ते ने बच्चे पर हमला कर दिया। सारांश साइकिल से नीचे गिर गया, कुत्ते ने उसके पैर, हाथ, कमर व प्राइवेट पार्ट पर बुरी तरह काटा। इतना ही नहीं कुत्ते का जबड़ा लॉक होने के कारण उसे कुछ मिनटों तक घसीटा भी, सारांश की छोटी बहन ने रैकेट मारकर कुत्ते से भाई को छुड़ाने का प्रयास किया। लेकिन वह नहीं हटा, बाद में मालिक ने आकर कुत्ते को हटाया।
कुछ ही देर बाद हिमांशु गर्ग की आठ वर्षीय बेटी आन्या अग्रवाल ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी। फिर से कुत्ते ने बाहर आकर आन्या को गिरा लिया और उसके पैर पर बुरी तरह काट लिया। दोनों बच्चों को निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है, वहीं, प्रतिबंधित कुत्ता पाले जाने स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।



