हापुड़। समाजवादी पार्टी ने जनपद में अपने संगठन को और अधिक मजबूती देने के लिए नियुक्तियों का सिलसिला तेज कर दिया है। इसी क्रम में पार्टी के जमीनी कार्यकर्ता मो. इसरार को उनकी सक्रियता और निष्ठा को देखते हुए समाजवादी पार्टी, जनपद हापुड़ का जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष आनंद गुर्जर एडवोकेट द्वारा जारी आधिकारिक मनोनयन पत्र के अनुसार, मो. इसरार पुत्र हाजी गुलजार निवासी कोटला मेवातियान, हापुड़ को तत्काल प्रभाव से जिला उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है।
अखिलेश यादव की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का लक्ष्य
नियुक्ति के साथ ही पार्टी नेतृत्व ने नव-नियुक्त जिला उपाध्यक्ष से यह अपेक्षा की है कि वे समाजवादी पार्टी की विचारधारा को गाँव-गाँव और घर-घर तक पहुँचाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की जनकल्याणकारी नीतियों और विजन से आम जनता को अवगत कराएंगे। आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाएंगे।
मो. इसरार की इस नियुक्ति के बाद उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का मानना है कि इसरार के अनुभव और क्षेत्र में उनकी पकड़ से पार्टी को जिले में और अधिक मजबूती मिलेगी।
इस मनोनयन की प्रतिलिपि राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और वरिष्ठ सपा नेता मो. इमरान धौलड़ी को भी प्रेषित की गई है। इस अवसर पर मोहम्मद आजाद कुरैशी, मोहम्मद जुबैर, मोहम्मद इमरान, आवेश प्रधान, आज़ाद अल्वी, मनोज कुमार, मोहम्मद कदीम, मोहम्मद ज़ैद, इरफ़ान, शादान, मुरसालीन आदि कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।


