रिपोर्ट - नवीन गौतम
हापुड़। बुलंदशहर रोड पर शराबी युवकों का तांडव, पुलिस के साथ मारपीट और तीखी झड़प
हापुड़। नगर के बुलंदशहर रोड पर रविवार रात नशे में धुत युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। बीच सड़क पर बाइक खड़ी कर राहगीरों से बदसलूकी कर रहे युवकों को जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया। इस दौरान न केवल पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की गई, बल्कि अपनी बाइक से टक्कर मारकर पुलिस की फैंटम बाइक को भी गिरा दिया। हंगामे के चलते करीब आधे घंटे तक बुलंदशहर रोड पर वाहनों का लंबा जाम लगा रहा।
बर्गर खाने के विवाद से शुरू हुआ हंगामा
सिटी थाना पुलिस के मुताबिक, कुछ युवक बुलंदशहर रोड पर बर्गर खाने आए थे। वहां उनका दूसरे पक्ष के युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष बीच सड़क पर आ गए और अपनी बाइकें खड़ी कर हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर जब जदीद चौकी प्रभारी अशोक कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे, तो शराबी युवक उनसे ही उलझ गए। काफी समझाने के बाद भी युवक हटने को तैयार नहीं हुए और पुलिस के साथ अभद्रता जारी रखी।
तीन हिरासत में, पांच फरार
हंगामे की सूचना पर जब कोतवाली नगर से अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा, तब जाकर स्थिति पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को हिरासत में लिया है, जो कोठीगेट क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। अत्यधिक नशे की स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। हालांकि, अतिरिक्त बल के पहुंचने से पहले ही पांच अन्य आरोपी युवक मौके से भागने में सफल रहे।
पुलिस की सुस्ती पर उठे सवाल: 200 मीटर की दूरी तय करने में लगे 30 मिनट
इस घटना ने पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर हंगामा हो रहा था, वहां से सिटी थाना मात्र 200 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर पहुंचने में 30 मिनट का समय लग गया। इस आधे घंटे के दौरान जदीद चौकी के पुलिसकर्मी अकेले ही उपद्रवियों से जूझते रहे और उनके साथ बदसलूकी होती रही। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि बैकअप फोर्स समय पर पहुंच जाती, तो सभी आठों युवकों को मौके से ही गिरफ्तार किया जा सकता था।


