Banga Electronics

Kidszee

सिंभावली: न्यायालय में विचाराधीन खेत से जबरन फसल काटी और ट्रैक्टर से जोताविरोध करने पर महिला से अभद्रता और मारपीट की धमकी, पुलिस जांच में जुटी

सिंभावली: न्यायालय में विचाराधीन खेत से जबरन फसल काटी और ट्रैक्टर से जोता
विरोध करने पर महिला से अभद्रता और मारपीट की धमकी, पुलिस जांच में जुटी


सिंभावली (हापुड़)। थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव राजापुर में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने न तो कानून का खौफ माना और न ही न्यायालय के आदेश की परवाह की। दबंगों ने एक विवादित भूमि पर खड़ी चारे की फसल को जबरन काटकर खेत जोत दिया। विरोध करने पर पीड़िता के साथ गाली-गलौज कर मारपीट का प्रयास किया गया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर जान-माल की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
गांव सिखेड़ा निवासी एक महिला ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी कृषि भूमि गांव राजापुर में स्थित है। उक्त भूमि का मालिकाना हक को लेकर मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़िता का आरोप है कि खेत में पशुओं के चारे की फसल खड़ी थी, जिसे वह काटने की तैयारी में थी।
मुठमर्दी से काटी फसल और जोत दिया खेत
आरोप है कि क्षेत्र के कुछ दबंगों ने कानून को ठेंगा दिखाते हुए एकराय होकर खेत पर धावा बोल दिया। दबंगों ने 'मुठमर्दी' दिखाते हुए खड़ी फसल को जबरन काट लिया और उसके तुरंत बाद ट्रैक्टर चलाकर खेत की जुताई कर दी। जब पीड़िता और उसके परिजनों ने इस अवैध कार्य का विरोध किया, तो दबंगों ने उन्हें घेर लिया। दबंगों ने सरेराह गाली-गलौज की और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने व मारपीट करने की धमकी देते हुए वहां से खदेड़ दिया।
पुलिस का पक्ष
घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायती पत्र दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि खेत जोतने और फसल काटने के संबंध में एक शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराई जा रही है। चूंकि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए सभी तथ्यों को देखा जा रहा है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।