Banga Electronics

Kidszee

हापुड़ : लज्जापुरी साप्ताहिक पैठ को स्थानांतरित करने की उठी मांग, 21 जनवरी को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करेंगे भीम आर्मी व क्षेत्रवासी

- जाम और गंदगी से त्रस्त मोहल्लेवासियों का फूटा गुस्सा, पैठ शिफ्ट न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी


हापुड़। शहर के मोहल्ला लज्जापुरी स्थित रामलीला ग्राउंड में प्रत्येक रविवार को लगने वाली साप्ताहिक पैठ (बाजार) से स्थानीय निवासियों को हो रही समस्याओं के समाधान के लिए भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। आगामी 21 जनवरी को संगठन के पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों द्वारा जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पैठ को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की जाएगी।

जाम और गंदगी से त्रस्त हैं मोहल्लेवासी
भीम आर्मी के संस्थापक सदस्य व प्रदेश सचिव (आजाद समाज पार्टी) एडवोकेट सुशील कुमार आजाद और जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह आजाद ने संयुक्त रूप से बताया कि लज्जापुरी, बैंक कॉलोनी, गणेशपुर, हर्ष विहार, चमरी और सिद्धार्थ नगर जैसे घनी आबादी वाले मोहल्लों के बीच लगने वाली इस साप्ताहिक पैठ के कारण स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रविवार के दिन एम्बुलेंस तक निकलने का रास्ता नहीं बचता और पैठ के बाद लगने वाले गंदगी के ढेरों से बीमारियों का खतरा बना रहता है।

15 फरवरी तक का दिया अल्टीमेटम
संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा 15 फरवरी 2026 तक इस साप्ताहिक बाजार को रामलीला ग्राउंड से हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया गया, तो भीम आर्मी और क्षेत्रवासी उग्र धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

21 जनवरी को जुटेंगे कार्यकर्ता
क्षेत्रवासियों के सहयोग से आगामी 21 जनवरी 2026 को सुबह 11:00 बजे भारी संख्या में कार्यकर्ता और मोहल्लेवासी जिला कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। इस दौरान जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर जनहित में पैठ को आबादी से दूर शिफ्ट करने की अपील की जाएगी। भीम आर्मी के संस्थापक सदस्य व प्रदेश सचिव (आजाद समाज पार्टी) एडवोकेट सुशील कुमार आजाद और जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह आजाद ने बताया कि इस अवसर पर लज्जापुरी, बैंक कॉलोनी, चमरी, गणेशपुरा, हर्ष विहार और सिद्धार्थ नगर के तमाम सम्मानित नागरिक उपस्थित रहेंगे।