कैलाश नगर स्थित जैन कन्या मिडिल स्कूल में भारत विकास परिषद का सेवा कार्यक्रम संपन्न
नई दिल्ली: भारत विकास परिषद (पूर्वी प्रान्त, दिल्ली) द्वारा कैलाश नगर स्थित जैन कन्या मिडिल स्कूल में एक भव्य सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जहां जरूरतमंद बच्चों को कड़ाके की ठंड से राहत देने के लिए कंबल वितरित किए गए, वहीं पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए कपड़े के थैले और शिक्षण सामग्री (कॉपी-पेंसिल) भी भेंट की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गांधी नगर विधायक एवं यमुनापार विकास बोर्ड के चेयरमैन अरविंदर सिंह लवली रहे। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों और सामाजिक कल्याण की योजनाओं की जानकारी दी। श्री लवली ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचाना ही वास्तविक विकास है।
विधायक लवली ने कार्यक्रम के मुख्य आयोजक विपुल जैन के प्रयासों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उनके सेवा भाव और सटीक प्रबंधन के कारण ही आज इतने बच्चों के चेहरे पर मुस्कान आई है। परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण के प्रति सचेत करना और उन्हें शिक्षा के लिए प्रेरित करना है। अंत में विद्यालय प्रबंधन और परिषद के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।



