थाना देहात पुलिस ने नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को किया जागरूक, दुकानदारों को दी हिदायत।
लखनऊ ब्यूरो
हापुड़। खतरनाक चाइनीज मांझे से होने वाली जानलेवा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जनपद पुलिस अब एक्शन मोड में है। पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह के निर्देशन में थाना देहात पुलिस ने क्षेत्र में जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को चाइनीज मांझे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया गया। थाना देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। पुलिसकर्मियों ने नाटक के जरिए यह संदेश दिया कि किस तरह प्रतिबंधित चाइनीज मांझा निर्दोष राहगीरों और बेजुबान पक्षियों के लिए काल बन जाता है। इस अनोखी पहल को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। अभियान के दौरान थाना प्रभारी ने बाजार में पतंग और मांझा बेचने वाले दुकानदारों को स्पष्ट हिदायत दी कि यदि कोई भी दुकानदार प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे चंद रुपयों के मुनाफे के लिए लोगों की जान जोखिम में न डालें। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने आमजनमानस से भी अपील की कि वे पतंगबाजी के लिए केवल सूती धागे (सद्दी) का ही प्रयोग करें। यदि कहीं भी अवैध रूप से चाइनीज मांझा बिकता दिखे, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।


