हापुड़। ज्योर्तिमठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य स्वामी मुकुंदानंद ब्रह्मचारी के खिलाफ दर्ज हुई FIR को लेकर सियासत गरमा गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर जनपद हापुड़ के कांग्रेस कार्यकर्ता बुधवार, 25 फरवरी को सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे।
जानकारी के अनुसार, भाजपा सरकार की कार्यशैली और इस कार्रवाई को 'हठधर्मिता' करार देते हुए कांग्रेस जन प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन SDM हापुड़ को सौंपेंगे।
गांधी प्रतिमा पर जुटेंगे दिग्गज
जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने बताया कि विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम बुधवार दोपहर 12 बजे नगरपालिका परिषद स्थित गांधी प्रतिमा धरना स्थल पर आयोजित किया जाएगा।
कांग्रेस पदाधिकारियों का आरोप है कि यह कार्रवाई द्वेषपूर्ण भावना से प्रेरित है। प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता इस FIR को वापस लेने और निष्पक्षता की मांग करेंगे।
बड़ी संख्या में जुटने की अपील
कांग्रेस नेतृत्व ने जनपद के समस्त फ्रंटल संगठनों, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस विरोध प्रदर्शन को सफल बनाएं। कार्यक्रम में पत्रकारों को भी सादर आमंत्रित किया गया है ताकि जनता की आवाज को मुखर किया जा सके।


