Report By- Nadeem Naqvi
हापुड़। थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के श्यामपुर गांव में बीजेपी नेता कुणाल चौधरी के साथ जमीन दिलाने के नाम पर 28 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित कुणाल चौधरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें सस्ती कीमत पर जमीन दिलाने का झांसा दिया था। आरोप है कि भरोसा दिलाकर उनसे करीब 28 लाख रुपये ले लिए गए। काफी समय बीतने के बाद भी जब जमीन नहीं दिलाई गई तो उन्होंने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे।
बताया जा रहा है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपी आग बबूला हो गए और उन्होंने कुणाल चौधरी पर हमला कर दिया। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना देहात कोतवाली पुलिस ने बलजीत सिंह, बिमल उर्फ बबली और बादल सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।



