Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। 14 व 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय और एसपी कूवर ज्ञानंजय सिंह ने शुक्रवार को थाना हापुड़ नगर तथा पिलखुवा क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, प्रवेश एवं निकास द्वार, कक्षों में बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की गहनता से जांच की। इस दौरान उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों से परीक्षा के दौरान अपनाई जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
डीएम अभिषेक पांडेय ने निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को रोकने, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
एसपी कूवर ज्ञानंजय सिंह ने परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर और आसपास कड़ी निगरानी रखी जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने के साथ-साथ परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स या किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तु ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा चुके हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी तथा केंद्रों के आसपास पुलिस की गश्त भी बढ़ाई जाएगी।
जिला प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि हजारों अभ्यर्थी बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकें।



