Banga Electronics

Kidszee

हापुड़ : लव मैरिज के बाद दहेज के लिए पत्नी की हत्या, पति समेत तीन आरोपी गिरफ्तार



Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में पत्नी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी पति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल छुरी भी बरामद की है।

 कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि ज़िलें में अपराध की रोकथाम और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने महिला कि निर्मम हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए महिला के पति समेत तीन आरोपियों को बागडपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है। 

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकिब पुत्र अनीस, अनीस पुत्र तकी और आकिब पुत्र महबूब निवासी मोहल्ला ब्राह्मणों की चौपाल थाना सिंघावली अहीर, जनपद बागपत के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आकिब पुत्र अनीस की शादी 5 जनवरी 2026 को समरीन के साथ प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। हालांकि आरोपी के पिता अनीस इस शादी से खुश नहीं थे और लगातार अतिरिक्त दहेज के रूप में पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। दहेज की मांग को लेकर घर में आए दिन विवाद होता रहता था।

बताया गया कि आरोपी आकिब के दोस्त आकिब पुत्र महबूब ने भी उसे पत्नी से दहेज में पांच लाख रुपये लाने के लिए उकसाया था, ताकि दोनों मिलकर होटल का कारोबार शुरू कर सकें। दहेज न मिलने से नाराज होकर आरोपी अपनी पत्नी से अक्सर झगड़ा करता था।

घटना के दिन 5 मार्च 2026 को आरोपी आकिब अपनी पत्नी समरीन और दोस्त आकिब पुत्र महबूब के साथ बहादुरगढ़ से वापस लौट रहा था। रास्ते में गांव फुलड़ी की ईदगाह के पास गन्ने के खेत में दोनों ने मिलकर छुरी से समरीन का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त छुरी भी बरामद कर ली गई है। थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।