Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अचानक टायर फटने से अनियंत्रित हुई कार पलट गई और सड़क किनारे खड़ी अन्य कारों में जा घुसी। इस हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घटना का पूरा मंजर पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार तेज गति से हाईवे पर दौड़ रही थी, तभी अचानक उसका टायर फट गया। टायर फटने के बाद चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार कई बार पलटते हुए शिवा ढाबे के पास खड़ी अन्य गाड़ियों से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में दिल्ली निवासी 37 वर्षीय निधि कमाल की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी और टायर फटते ही वाहन बेकाबू हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और टायर फटना बताया जा रहा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



