Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- यातायात पुलिस का सख्त एक्शन, मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट बाइक सीज, चालकों में मचा हड़कंप


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। ज़िलें में कानून-व्यवस्था और यातायात नियमों को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी कड़ी में रविवार को मेरठ तिराहा पर एक बड़ी कार्रवाई सामने आई, जहां यातायात प्रभारी नरेश कुमार ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाली बुलेट मोटरसाइकिल को मौके पर ही सीज कर दिया।

यातायात पुलिस टीम मेरठ तिराहा पर नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बाइक को रुकवाया। जांच के दौरान पाया गया कि बाइक के साइलेंसर में अवैध रूप से बदलाव किया गया है, जिससे पटाखे जैसी आवाज उत्पन्न हो रही थी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल बाइक को सीज कर दिया और चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

यातायात प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि इस प्रकार के मॉडिफाइड साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि अचानक तेज आवाज के कारण अन्य वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ सकता है, जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

यातायात पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। वहीं स्थानीय लोगों ने इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से अनावश्यक शोर-शराबे पर रोक लगेगी और शहर में शांति व्यवस्था बनी रहेगी।

 यातायात प्रभारी नरेश कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कोई भी वाहन चालक यदि अपने वाहनy में अवैध मॉडिफिकेशन कर ध्वनि प्रदूषण फैलाता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें।