Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता बाइक रैली रवाना, एसपी ने रैली को दिखाई हरी झंडी


Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद हापुड़ में जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला निरंतर जारी है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने पुलिस कार्यालय हापुड़ से महिला सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर महिला पुलिसकर्मियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली का उद्देश्य आमजन, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

पुलिस अधीक्षक ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रहा है और इस प्रकार की रैलियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश दिया जा रहा है।

यह जागरूकता बाइक रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों से होकर गुजरी, जहां महिला पुलिसकर्मियों ने लोगों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में अवगत कराया।

स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिलाओं के प्रति सुरक्षा और सम्मान बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। पुलिस प्रशासन द्वारा आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही गई है, जिससे समाज में जागरूकता और विश्वास का माहौल और मजबूत हो सके।

इस मौके पर सीओ सदर वरुण मिश्रा, सीओ गढ़ स्तुति सिंह, महिला थाना अध्यक्ष अरुणा रॉय समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।