Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। भारत मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के संयुक्त आह्वान पर सोमवार को हापुड़ जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर उपजिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व भारत मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वामन मेश्राम और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी विकास पटेल के आह्वान पर किया गया। इस दौरान बहुजन मुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट मुकेश कुमार ने केंद्र सरकार पर ओबीसी जाति आधारित जनगणना में ‘धोखेबाजी’ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में निर्णय के बावजूद हालिया जनगणना नोटिफिकेशन में ओबीसी के लिए अलग कॉलम नहीं दिया गया, जो समाज के साथ अन्याय है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगों में जाति आधारित जनगणना में ओबीसी कॉलम शामिल करना, एससी-एसटी-ओबीसी हितों की सुरक्षा हेतु सख्त यूजीसी कानून लागू करना तथा वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से मुक्त करना शामिल है। इसके अलावा गढ़ रोड स्थित देवनंदनी अस्पताल के पास अंडरपास निर्माण और क्षेत्र में शराब के ठेके को बंद कराने की भी मांग उठाई गई।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला अध्यक्ष बबलू गौतम और जिला संयोजक नंदकिशोर सैनी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान रीना वर्मा, कविता, बबीता, मुन्नी, ज्योति, सविता, शमा परवीन, पूनम गौतम सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 23 अप्रैल को भारत बंद किया जाएगा।



