-दिल्ली निवासी महिला ऑटो में भूल गई थी बैग, सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने किया ट्रेस
-यातायात उपनिरीक्षक कामेश सिंह की सूझबूझ और मानवीय चेहरे की क्षेत्र में हो रही प्रशंसा
हापुड़। जनपद की यातायात पुलिस ने एक बार फिर अपनी सतर्कता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक महिला का खोया हुआ कीमती सामान सुरक्षित वापस दिलाकर मिसाल पेश की है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल पीड़ित महिला के चेहरे पर मुस्कान लौटाई, बल्कि खाकी के प्रति आम जनता के विश्वास को भी और मजबूत किया है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली की रहने वाली एक महिला पिलखुआ क्षेत्र के तिलकपुर से ऑटो में सवार होकर हापुड़ आई थी। हापुड़ पहुंचने पर जल्दबाजी में उतरते समय वह अपना बैग ऑटो में ही भूल गई। बैग में महिला के जरूरी दस्तावेज और कीमती सामान रखा था। बैग गुम होने का एहसास होते ही महिला बदहवास होकर उसे तलाशने लगी, लेकिन ऑटो का कहीं पता नहीं चला।
परेशान महिला ने मौके पर तैनात यातायात पुलिस उपनिरीक्षक कामेश सिंह से संपर्क कर अपनी आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने बिना समय गंवाए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी माध्यमों की मदद से चंद मिनटों में ही संबंधित ऑटो का नंबर ट्रेस कर चालक तक पहुंच बना ली।
पुलिस की मुस्तैदी के कारण कुछ ही देर में ऑटो चालक को ढूंढ लिया गया और महिला का बैग सुरक्षित बरामद कर उसे सौंप दिया गया। अपना कीमती सामान वापस पाकर महिला की खुशी का ठिकाना न रहा। उन्होंने हापुड़ यातायात पुलिस और विशेष रूप से उपनिरीक्षक कामेश सिंह का हृदय से आभार व्यक्त किया।
स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस के इस मानवीय कार्य की जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि पुलिस की ऐसी सक्रियता अपराधियों में खौफ और आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा करती है।



