Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- ईमानदारी और तत्परता की मिसाल: टीएसआई कामेश सिंह ने महिला का खोया बैग खोजकर लौटाया


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। पुलिस ने एक बार फिर अपनी सजगता और मानवता का परिचय देते हुए एक महिला का खोया हुआ कीमती सामान बरामद कर उसे सुरक्षित वापस लौटाया। बैग में हजारों रुपये की नगदी, जरूरी दस्तावेज और अन्य कीमती सामान मौजूद था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली के शाहदरा निवासी मंजू पिलखुवा स्थित अपनी ससुराल जाने के लिए डासना मसूरी से ऑटो में सवार हुई थीं। पिलखुवा पहुंचने पर जब वह ऑटो से उतरीं, तो उनका बैग उसी ऑटो में छूट गया।

कुछ समय बाद बैग खोने का एहसास होने पर महिला तुरंत हापुड़ पहुंचीं और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दिल्ली रोड पर ड्यूटी पर तैनात टीएसआई कामेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।

टीएसआई कामेश सिंह ने अपनी सूझबूझ और सक्रियता का परिचय देते हुए ऑटो को ट्रेस किया और चालक से संपर्क स्थापित किया। जांच के दौरान महिला का खोया हुआ बैग नगदी व अन्य सामान सहित सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

इसके बाद पुलिस ने पूरा सामान महिला को सुपुर्द कर दिया। अपना कीमती सामान वापस पाकर महिला ने राहत की सांस ली और टीएसआई कामेश सिंह व उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।

इस सराहनीय कार्य में कांस्टेबल योगेश और पीआरडी सचिन का भी विशेष योगदान रहा। पुलिस की इस तत्परता और ईमानदारी की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।