Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- कुराना टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों की दबंगई, अधिवक्ता से मारपीट और लूट का आरोप


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के कुराना टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों की दबंगई और अमानवीय व्यवहार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि टोल कर्मियों ने उसके साथ न केवल मारपीट की, बल्कि जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया और जबरन नगदी भी लूट ली।

जानकारी के अनुसार गांव हरसिंगपुर निवासी अधिवक्ता शंकर लाल ने पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि पीड़ित आगरा से अपने गांव हरसिंहपुर लौट रहा था। उसकी गाड़ी में फास्टैग लगा हुआ था। जैसे ही वह कुराना टोल प्लाजा पर पहुंचा, वहां अव्यवस्था के चलते कई लाइनों में वाहनों को रोका जा रहा था। पीड़ित की गाड़ी जिस लाइन में थी, उसे जानबूझकर आगे नहीं बढ़ने दिया गया।

पीड़ित का आरोप है कि बार-बार निवेदन करने के बावजूद टोल कर्मियों ने उसकी बात नहीं सुनी और गाड़ी को रोककर रखा। विरोध करने पर टोल कर्मियों ने उसके ड्राइवर और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि कर्मियों ने पीड़ित के गले में कपड़ा डालकर उसे जबरन टोल प्लाजा के रिकॉर्ड रूम में ले गए, जहां उसके साथ बुरी तरह दुर्व्यवहार किया गया।

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उसके साथ हिंसक व्यवहार किया और उसकी जेब से 1300 रुपये जबरन छीन लिए। इस दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए। इतना ही नहीं, पीड़ित के ड्राइवर के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उसे अपमानित किया गया, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है।

घटना के बाद पीड़ित ने थाना हाफिजपुर में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।