Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- NGO संचालक के साथ मारपीट, वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी


हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के बुलंदशहर रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक एनजीओ संचालक के साथ कथित रूप से मारपीट की घटना सामने आई। आरोप है कि सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर हाजी सलमान ने अपने साथियों के साथ मिलकर एनजीओ संचालक अदनान के साथ मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक युवक के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसे अदनान बताया जा रहा है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। वहीं, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर प्राप्त होने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।