Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- फोन-पे पर पेमेन्ट रिक्वेस्ट भेजकर हुई साइबर ठगी के रुपये पुलिस ने कराए वापस

Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिम्भावली की साइबर क्राइम टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी का शिकार हुए पीड़ित के 11,601 रुपये शत-प्रतिशत वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में साइबर अपराध की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सिम्भावली की साइबर सेल टीम ने लगातार प्रयास करते हुए एक पीड़ित की ठगी गई रकम को वापस दिलाने में सफलता हासिल की।

बताया गया कि फोनपे पर पेमेन्ट रिक्वेस्ट भेजकर साइबर ठगी की गई थी, जिसमें पीड़ित से 11,601 रुपये की धोखाधड़ी हो गई थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संबंधित बैंक और प्लेटफॉर्म से समन्वय स्थापित किया। टीम के अथक प्रयासों के चलते पीड़ित की पूरी धनराशि 11,601 रुपये उनके बैंक खाते में वापस करा दी गई।

पीड़ित नौशाद पुत्र इस्तेयाक निवासी ग्राम वैट, थाना सिम्भावली जनपद हापुड़ को जब उनकी पूरी धनराशि वापस मिली तो उन्होंने हापुड़ पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की प्रशंसा की।

पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई पेमेन्ट रिक्वेस्ट या संदिग्ध लिंक को स्वीकार न करें तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पीड़ित की धनराशि वापस कराई जा सके।