Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर यातायात पुलिस की विशेष व्यवस्था, बारकोड स्कैन कर आसानी से परीक्षा केंद्र पहुंच सकेंगे परीक्षार्थी

Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। आगामी दरोगा भर्ती लिखित परीक्षा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए हापुड़ यातायात पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए शहर के प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर बारकोड युक्त पोस्टर लगाए गए हैं। इन बारकोड को मोबाइल फोन से स्कैन करने पर परीक्षार्थियों को सीधे उनके परीक्षा केंद्र का लोकेशन और वहां तक पहुंचने का मार्ग मिल जाएगा। इससे बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र ढूंढने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

इसके साथ ही परीक्षा के दिन शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि जाम की स्थिति न बने और परीक्षार्थी समय से अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।

यातायात पुलिस ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के दिन समय से पहले घर से निकलें और यातायात नियमों का पालन करें, जिससे व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

यातायात प्रभारी नरेश यादव ने बताया कि दरोगा भर्ती परीक्षा को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष तैयारियां की हैं। शहर के प्रमुख स्थानों पर बारकोड युक्त पोस्टर लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन कर परीक्षार्थी आसानी से अपने परीक्षा केंद्र का रास्ता देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। परीक्षा के दिन यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। हमारा प्रयास है कि सभी परीक्षार्थी बिना किसी परेशानी के समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।