हापुड़: चोरी के मामले में वांछित शातिर बदमाश गिरफ्तार, सपा नगर अध्यक्ष समेत दो के नाम आए सामने।
- हाफिजपुर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी; कब्जे से 51,500 रुपये नगद, तमंचा और कारतूस बरामद
हापुड़। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हाफिजपुर पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के सोना पेट्रोपम्प के पास से पतओझडी से लदी कैंटर गाड़ी चोरी करने की घटना में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का माल बेचकर प्राप्त हजारों की नगदी, एक अवैध तमंचा मय जिन्दा कारतूस बरामद किया है। पकड़े गए अभियुक्त के पास से चोरी का माल बेचकर मिले 51,500 रुपये और अवैध असलहा बरामद हुआ है। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष समेत दो अन्य साथियों के नाम का भी खुलासा किया है।
चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी
हाफिजपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम रामपुर रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। शनिवार दोपहर करीब 12:23 बजे रामपुर रोड से खेतों की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गुफरान पुत्र खिलाफत निवासी ग्राम जड़ौदा, मेरठ; हाल निवासी तारापुरी रोड, ब्रह्मपुरी के रूप में हुई है।
बरामदगी और खुलासा
पुलिस के अनुसार, गुफरान थाना हाफिजपुर में दर्ज चोरी के मुकदमे (मु.अ.सं. 25/26) में वांछित था। जामा तलाशी के दौरान उसके पास से 51,500 रुपये नगद (चोरी का माल बेचकर मिला हिस्सा)। एक अवैध तमंचा (315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
(समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष, हापुड़)
सपा नेता समेत दो के नाम आए सामने
पुलिस की कड़ी पूछताछ में गुफरान ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि चोरी की घटना में उसके साथ लईक प्रधान (निवासी जड़ौदा, मेरठ) और नईम जडौदिया (समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष, हापुड़) भी संलिप्त थे। पुलिस ने अब इन दोनों को भी मुकदमे में नामजद किया है और इनकी तलाश तेज कर दी गई है।
अधिकारी वर्जन
> "पुलिस टीम ने एक वांछित अभियुक्त गुफरान को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से अवैध असलहा और चोरी की रकम बरामद हुई है। पूछताछ में दो अन्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं, जिनमें एक स्थानीय राजनीति से जुड़े व्यक्ति भी बताए जा रहे हैं। गुफरान को जेल भेज दिया गया है और शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।"
— अनीता चौहान क्षेत्राधिकारी, पिलखुवा (हापुड़)



