Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। नगर क्षेत्र के बुलंदशहर रोड पर स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम जी की जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष एडवोकेट आनंद गुर्जर ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांशीराम जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन तथा संघर्षों को याद किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष एडवोकेट आनंद गुर्जर ने कहा कि बहुजन नायक कांशीराम जी ने पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों का मनोबल बढ़ाने के लिए जीवन भर संघर्ष किया। उन्होंने समाज के वंचित वर्गों को शिक्षा और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि कांशीराम जी ने राजनीतिक क्षेत्र में श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव के साथ मिलकर पिछड़े, शोषित, वंचित और दलित समाज की आवाज बुलंद की तथा उनके हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ी। अपने संघर्ष और सामाजिक कार्यों के कारण उन्होंने राजनीति में सफलता की ऊंचाइयों को छुआ और लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया, जिस कारण उन्हें बहुजन नायक के रूप में जाना जाता है।
कार्यक्रम के दौरान अतुल गिरी, जतिन पाल, रोहित जाटव, सोनू जाटव और आदेश गोस्वामी को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर डॉ. राजेश यादव, अय्यूब सिद्दीकी, दीपिका चुग, हेमंत गुप्ता, पुरुषोत्तम वर्मा एडवोकेट सहित कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।



