Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- ऑल इंडिया हिंदुस्तान कांग्रेस पार्टी की बैठक में महंगाई, कानून व्यवस्था और किसानों के मुद्दों पर उठी आवाज


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। ऑल इंडिया हिंदुस्तान कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष यूपी पंडित गोपाल शर्मा ने की, जबकि संचालन मेरठ मंडल अध्यक्ष अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ अमित सागर ने किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष पंडित गोपाल शर्मा, प्रदेश कानूनी सलाहकार पंडित नरेश चंद शर्मा एडवोकेट एवं जिला अध्यक्ष का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कानूनी सलाहकार पंडित नरेश चंद शर्मा एडवोकेट ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हापुड़, मेरठ, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, बदायूं और प्रयागराज सहित कई जिलों में हत्या, लूट, बलात्कार और भ्रष्टाचार की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने कार्यालयों और प्रमुख चौराहों पर ऑल इंडिया हिंदुस्तान कांग्रेस पार्टी के फ्लैक्स बोर्ड शीघ्र लगवाएं और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंडित गोपाल शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश और देश में कई गंभीर समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यूजीसी के नए नियमों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों की कमी और ऊर्जा संकट से आम जनता परेशान है। उन्होंने एलपीजी गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कमर्शियल गैस पर 120 रुपये और एलपीजी गैस रिफिल पर 60 रुपये की बढ़ोतरी से व्यापारियों और गृहणियों के घर का बजट बिगड़ गया है। साथ ही गैस सब्सिडी भी महिलाओं को नहीं मिल रही है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि गैस बुकिंग के बाद सिलेंडर की डिलीवरी में भी देरी हो रही है, जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद गैस की समय पर घर-घर डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने “वन नेशन वन एजुकेशन” नीति को प्रभावी रूप से लागू करने तथा गोवंश संरक्षण के साथ गोमाता को राष्ट्रीय माता घोषित करने की भी मांग की।

प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि प्रदेश के किसानों को आलू सहित अन्य फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, जबकि राजस्व विभाग के कर्मचारी किसानों पर वसूली का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्ज के बोझ से दबे किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं और सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया हिंदुस्तान कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में किसानों, मजदूरों, नौजवानों, महिलाओं और आम लोगों की बढ़ती समस्याओं को लेकर गंभीर और चिंतित है तथा इन मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष हापुड़ अजय शर्मा ने बैठक में आए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

बैठक में प्रदेश कोषाध्यक्ष आशीष शर्मा, प्रदेश कार्यालय इंचार्ज सुनील शमी, कार्यक्रम संयोजक सचिन गोयल, प्रदेश सचिव सह संयोजक नरेंद्र शर्मा, किसान प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष, मेरठ मंडल अध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ आबिद सेफी, महंत एन.के. त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष पंडित महेश शर्मा, जिला महासचिव किशन शर्मा, राजीव गुप्ता, जिला सचिव दुष्यंत शर्मा, युवा जिला महासचिव आशु कोरी, सुनील शर्मा इंचार्ज प्रदेश कार्यालय हापुड़ सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।