Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- हाईवे पर खड़े वाहनों से तेल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार, 200 लीटर डीजल, कैन्टर, अवैध हथियार व उपकरण बरामद


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने हाईवे किनारे खड़े वाहनों से तेल चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का डीजल, चोरी में प्रयुक्त उपकरण, एक कैन्टर वाहन तथा अवैध हथियार बरामद किए हैं।

थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में अपराध की रोकथाम एवं चोरों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पलवाड़ा रोड स्थित बिजलीघर के पीछे जाने वाले रास्ते से दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुल्लु पुत्र मोहम्मद जामिल, निवासी समर गार्डन, थाना लिसाड़ी गेट, जनपद मेरठ तथा नौशेर पुत्र नूर मोहम्मद, निवासी ग्राम देहरा, थाना धौलाना, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने हाईवे पर खड़े ट्रकों व अन्य वाहनों से डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार आरोपी देर रात सुनसान स्थानों पर खड़े भारी वाहनों को निशाना बनाकर पाइप व अन्य उपकरणों की मदद से डीजल निकाल लेते थे और बाद में उसे बेच देते थे। गिरोह काफी समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने शातिर चोरों के कब्जे से चोरी का करीब 200 लीटर डीजल, तेल चोरी करने के उपकरण, घटना में प्रयुक्त कैन्टर, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस व एक अवैध चाकू बरामद किया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना गढ़मुक्तेश्वर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।