Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। नगर क्षेत्र के मोहल्ला लज्जापुरी में राजकीय पुस्तकालय प्रस्तावित किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में खुशी की लहर देखने को मिल रही है। इसी क्रम में ‘अपना समाज’ सामाजिक संगठन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने डीएम अभिषेक पांडे से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।
संगठन के प्रतिनिधियों ने डीएम को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा भेंट की तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस दौरान संगठन के सदस्यों ने कहा कि यह पुस्तकालय क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा।
इस अवसर पर जतिन आजाद ने डीएम का विशेष धन्यवाद देते हुए मांग रखी कि प्रस्तावित राजकीय पुस्तकालय का नाम बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा होने से यह जनपद के लिए गौरव की बात होगी और युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।
वहीं एडवोकेट ललित ने कहा कि आमतौर पर राजकीय पुस्तकालय शहर के मुख्य स्थानों या नजदीकी क्षेत्रों में बनाए जाते हैं, ऐसे में लज्जापुरी में पुस्तकालय प्रस्तावित किए जाने से मोहल्लेवासियों में काफी उत्साह है। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
इस मौके पर नरेंद्र टेंट वाले, अमरजीत सिंह, पवन सबली, सागर, रोहित, पप्पी, बंटी कुमार, राहुल और लक्की सहित कई लोग उपस्थित रहे।



