Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- पुलिस की मुस्तैदी से कुछ ही घंटों में मिला गुम मोबाइल, नैनीताल जाते समय खोया फोन, त्वरित कार्रवाई से युवक को मिला वापस


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। ज़िलें में पुलिस की तत्परता और जिम्मेदारी का एक और सराहनीय उदाहरण सामने आया है। थाना सिंभावली पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए एक युवक का गुम हुआ मोबाइल फोन कुछ ही घंटों के भीतर बरामद कर सुरक्षित वापस दिला दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अमित कुमार पुत्र प्रताप सिंह, निवासी दिल्ली रोड (चमरी) मंगलवार को नैनीताल के लिए जा रहे थे। यात्रा के दौरान हापुड़ से लगभग 20 किलोमीटर दूर हरौड़ा मोड़ के पास उनका मोबाइल फोन अचानक गुम हो गया। मोबाइल गुम होने के बाद युवक काफी परेशान हो गया और उसने तुरंत थाना सिंभावली पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही सिंभावली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस टीम ने मौके के आसपास गहन जांच-पड़ताल की, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की तथा तकनीकी संसाधनों का सहारा लिया। पुलिस की इस मुस्तैदी का परिणाम यह रहा कि कुछ ही घंटों के भीतर मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।

बरामद मोबाइल को आवश्यक सत्यापन के बाद उसके मालिक अमित कुमार को सौंप दिया गया। अपना मोबाइल वापस मिलने पर युवक के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने पुलिस की तत्परता और ईमानदार प्रयासों की सराहना करते हुए हापुड़ पुलिस का आभार व्यक्त किया।

इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हापुड़ पुलिस आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस न केवल अपराध नियंत्रण में बल्कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति, गुमशुदगी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।