Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- स्मार्ट मीटर में गड़बड़ी को लेकर महिलाओं का प्रदर्शन, डीएम से लगाई न्याय की गुहार


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। नगर के मोहल्ला रफीक नगर और मजीदपुरा के निवासियों ने स्मार्ट मीटरों में कथित गड़बड़ी से परेशान होकर मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकत्र होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी से तत्काल समाधान की मांग की।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि उनके घरों में लगे स्मार्ट मीटर वास्तविक खपत से कहीं अधिक रीडिंग दिखा रहे हैं, जिससे बिजली बिल अनावश्यक रूप से बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रीपेड मीटर में बैलेंस तेजी से खत्म हो जाता है, जिससे उन्हें बार-बार रिचार्ज कराना पड़ता है और आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। कई महिलाओं ने यह भी कहा कि शिकायत करने के बावजूद विभाग द्वारा कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई।

महिलाओं ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और मांग की कि स्मार्ट मीटरों की जांच कराई जाए तथा जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक पुराने मीटर ही लगाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगी।

जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। प्रशासन ने संबंधित विभाग को जांच के निर्देश देने की बात कही है।

अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद ने बताया कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह पारदर्शी प्रणाली पर आधारित हैं और इनमें गड़बड़ी की संभावना बेहद कम होती है। फिर भी यदि किसी उपभोक्ता को कोई समस्या आ रही है तो उसकी शिकायत दर्ज कराकर जांच कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि विभाग उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और जिन क्षेत्रों से शिकायतें प्राप्त हुई हैं, वहां तकनीकी टीम भेजकर मीटरों की जांच कराई जाएगी।