Banga Electronics

Kidszee

हापुड़: गंगा स्नान के दौरान बुजुर्ग की मौत, अचानक बिगड़ी तबीयत से मचा हड़कंप


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र स्थित ब्रजघाट गढ़ गंगा में गंगा स्नान के दौरान एक बुजुर्ग श्रद्धालु की अचानक मौत हो जाने से घाट पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान बुजुर्ग को अचानक चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़े।

जानकारी के अनुसार 75 वर्षीय चंद्रहास गर्ग गंगा स्नान करने के लिए ब्रजघाट पहुंचे थे। स्नान करते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर जमीन पर गिर गए। मौके पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुजुर्ग को हार्ट अटैक आने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।

गढ़मुक्तेश्वर थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि ब्रजघाट पर गंगा स्नान के दौरान एक बुजुर्ग श्रद्धालु के बेहोश होकर गिरने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचकर देखा गया तो उनकी मृत्यु हो चुकी थी। प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।