Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव दादरी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गेहूं के खेत में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और हजारों रुपये की खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के खेतों को बड़ी क्षति से बचा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव दादरी निवासी हंसवीर पुत्र सतवीर के खेत में गेहूं की कटाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक खेत में आग भड़क उठी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही समय में करीब पांच बीघा गेहूं की फसल इसकी चपेट में आ गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों की टीम ने ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो आसपास के अन्य खेत भी इसकी चपेट में आ सकते थे, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण खेत के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के बाद पीड़ित किसान का रो-रोकर बुरा हाल है और उसने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग पर समय रहते काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण हाई टेंशन लाइन से हुआ शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।



