Banga Electronics

Kidszee

हापुड़ : "नीट घोटाले ने 22 लाख युवाओं का भविष्य अंधकार में डाला" – कलेक्ट्रेट पर गरजे अतुल खोड़ावाल

 
पेपर लीक, चरम पर बेरोजगारी और दलितों पर बढ़ते अत्याचारों के खिलाफ बहुजन जनता दल (खोड़ावाल) का हापुड़ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन; एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

हापुड़। देश और प्रदेश में निरंतर बढ़ते नीट (NEET) परीक्षा महाघोटाले, लगातार होते पेपर लीक, कमरतोड़ महंगाई, चरम पर बेरोजगारी तथा दलित छात्रों, शिक्षकों व बहुजन समाज पर हो रहे चौतरफा जातीय उत्पीड़न के खिलाफ शनिवार को बहुजन जनता दल (खोड़ावाल) पार्टी ने जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट हापुड़ पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस आंदोलन का नेतृत्व स्वयं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल खोड़ावाल ने किया। प्रदर्शन की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे एसडीएम शुभम श्रीवास्तव के माध्यम से पार्टी ने महामहिम राष्ट्रपति महोदय को संबोधित एक बेहद मजबूत और त्राहिमाम संदेश रूपी ज्ञापन सौंपा।

युवाओं का भविष्य अंधकार में: अतुल खोड़ावाल

कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शनकारियों और मीडिया साथियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल खोड़ावाल ने वर्तमान व्यवस्था पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि नीट (NEET-UG 2026) परीक्षा महाघोटाले ने देश के 22 लाख होनहार युवाओं का भविष्य अंधकार में डाल दिया है। सरकार अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने के लिए डिजिटल सेंसरशिप का सहारा ले रही है। देश में रोजगार पूरी तरह समाप्त हो चुके हैं और बेकाबू महंगाई ने गरीबों का जीना दुश्वार कर दिया है।
दलित उत्पीड़न की घटनाओं पर जताया भारी रोष
अतुल खोड़ावाल ने प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और दलित उत्पीड़न के मामलों का सिलसिलेवार जिक्र करते हुए कहा कि हापुड़ में बहुजन शिक्षक ओमपाल सिंह पर जानलेवा हमला, जनपद महोबा में नीट की तैयारी कर रही छात्रा को 16 दिनों तक बंधक बनाकर सामूहिक दरिंदगी व सिगरेट से दागने की अमानवीय क्रूरता, और जनपद एटा में 14 वर्षीय नाबालिग दलित बेटी के साथ हुई हैवानियत ने पूरे देश को शर्मसार किया है।
उन्होंने हरदोई के बेनीगंज की घटना पर रोष जताते हुए कहा कि वहाँ बहुजन समाज के निजी खेत में बने बुद्ध विहार पर सत्ता पक्ष के नेताओं द्वारा अवैध कब्जे का प्रयास किया गया। जब पीड़ित समाज ने इसका विरोध किया, तो पुलिस ने रक्षक के बजाय भक्षक का रूप अख्तियार कर लिया और निर्दोष महिलाओं, बुजुर्गों व बच्चों पर बर्बर लाठीचार्ज किया।
दोषियों को फांसी न मिलने पर पूरे प्रदेश में आंदोलन की चेतावनी
पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार और प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने मांग की है कि इन सभी गंभीर मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन कर दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जाए। इसके साथ ही हरदोई के दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल सस्पेंड किया जाए। यदि ऐसा नहीं होता है, तो बहुजन जनता दल (खोड़ावाल) पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी।
 प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल खोड़ावाल के साथ मुख्य रूप से यश कुमार प्रधान, महानगर अध्यक्ष जन कौशल, नरेंद्र सिंह, हापुड़ विधानसभा अध्यक्ष, तुला राम जी वरिष्ठ नेता, उमेश करुणा, विकास कुमार, सतीश कुमार, ओमवती, अरुण कुमार, विशाल जाटव, सन्नी सिंह, चिंटू कुमार, मुनेन्द्र चौधरी, सागर, कार्तिक कुमार, राधा करुणा, कृष्णा, एडवोकेट हितेन्द्र जाटव, नरेश जाटव सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।