Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बिना नक्शा पास कराए कृषि भूमि पर अवैध प्लॉटिंग करने वाले कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद जनपद हापुड़ में अवैध कॉलोनियों का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है।
हापुड़ विकास प्राधिकरण की लगातार कार्रवाई और बुलडोजर अभियान के बावजूद नगर क्षेत्र के बुलंदशहर रोड क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। कॉलोनाइजर खुलेआम कृषि भूमि पर प्लॉटिंग कर प्राधिकरण को चुनौती देते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना मानचित्र स्वीकृति और आवश्यक अनुमति के कॉलोनियां काटी जा रही हैं, जिससे भविष्य में खरीदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं प्राधिकरण की कार्रवाई के बाद भी अवैध निर्माण कार्य रुक नहीं रहे हैं।
प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी शिकायतें प्राप्त हुई हैं। मामले की जांच कराई जा रही है और अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना होगा कि हापुड़ विकास प्राधिकरण अवैध कॉलोनियों पर कब तक प्रभावी कार्रवाई कर पाता है। या फिर अवैध प्लाटिंग का खेल इसी तरह जारी रहेगा


