Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। धौलाना थाना क्षेत्र के ग्राम देहरा में महाराणा प्रताप जयंती शोभायात्रा के दौरान हुए विवाद के बाद रविवार को जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन ने समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर समेत कई कार्यकर्ताओं को धौलाना जाने से रोक दिया। इस दौरान बुलंदशहर रोड स्थित सपा कार्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और पुलिस व सपाइयों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
धौलाना क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान पुलिस फोर्स के साथ सपा कार्यालय पहुंचे। बताया गया कि जैसे ही सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर अपने समर्थकों के साथ धौलाना के लिए रवाना होने लगे, पुलिस ने उन्हें कार्यालय परिसर में ही रोक दिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि से माहौल बिगड़ सकता है।
वहीं, सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से धौलाना जाकर लोगों से मुलाकात करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें जबरन रोक दिया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
दूसरी ओर, थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी को भी माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।



