हापुड़। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा आगामी 17 मई को गढ़ रोड स्थित सुप्रीम पेट्रोल पंप के पास एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। बसपा जिलाध्यक्ष डॉ. ए.के. कर्दम के नेतृत्व में इस कार्यक्रम की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं।
हजारों कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद
सम्मेलन की सफलता के लिए पार्टी पदाधिकारियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। गांव-गांव और मोहल्लों में जनसंपर्क अभियान चलाकर समर्थकों को आमंत्रित किया जा रहा है। नेताओं का मानना है कि इस सम्मेलन में जिले भर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जुटेंगे, जो पार्टी की आगामी रणनीति और संगठन की मजबूती पर चर्चा करेंगे।
सुरक्षा और व्यवस्था चाक-चौबंद
कार्यक्रम स्थल पर भव्य मंच, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और पार्किंग सहित सुरक्षा के तमाम इंतजाम किए जा रहे हैं। वरिष्ठ नेताओं द्वारा लगातार बैठकें कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। कार्यकर्ताओं में इस सम्मेलन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
जिलाध्यक्ष डॉ. एके कर्दम ने बताया 17 मई को होने वाला यह कार्यकर्ता सम्मेलन ऐतिहासिक होगा। हमारा मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक सक्रिय करना और सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की नीति को जन-जन तक पहुँचाना है। जिले के कोने-कोने से बसपा के कर्मठ सिपाही इस हुंकार में शामिल होंगे। यह सम्मेलन न केवल आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकेगा, बल्कि यह भी स्पष्ट कर देगा कि हापुड़ की जनता और बसपा का कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयार है।



