Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- रामलीला मैदान में लग रहे अवैध साप्ताहिक बाजार को बंद कराने की मांग, सांसद अरुण गोविल ने डीएम को लिखा पत्र


Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद अरुण गोविल ने मोहल्ला लज्जापुरी स्थित रामलीला मैदान में संचालित हो रहे कथित अवैध साप्ताहिक बाजार को लेकर जिलाधिकारी को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। सांसद ने इस बाजार के संचालन को जन-सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए गंभीर समस्या बताया है।


सांसद द्वारा जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि क्षेत्रीय निवासियों ने उन्हें शिकायत भेजकर अवगत कराया है कि रामलीला मैदान में प्रत्येक रविवार को साप्ताहिक बाजार लगाया जा रहा है, जबकि इसके लिए किसी भी संबंधित विभाग से अनुमति प्राप्त नहीं की गई है। सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त जानकारी में भी बाजार के अवैध होने की पुष्टि होने का दावा किया गया है।

पत्र में सांसद ने बाजार के कारण उत्पन्न हो रही कई समस्याओं का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों पर अनियंत्रित भीड़ के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और आपातकालीन सेवाओं, विशेषकर एम्बुलेंस के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थल पर असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध वसूली किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।

सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि मेरठ मंडलायुक्त के पूर्व निर्देशों के बावजूद स्थानीय प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने शासन की छवि और जन-सुरक्षा का हवाला देते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की आवश्यकता जताई।

सांसद अरुण गोविल ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेकर संबंधित स्थल का निरीक्षण कराया जाए और अवैध बाजार संचालित करने तथा कथित अवैध वसूली में संलिप्त भू-माफियाओं एवं अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।