Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। ज़िलें की नवनियुक्त डीएम कविता मीना का भारतीय किसान यूनियन संघर्ष अराजनैतिक के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनसे शिष्टाचार भेंट कर भव्य स्वागत किया। संगठन के प्रतिनिधियों ने फूल-मालाएं पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर डीएम का अभिनंदन किया। इस अवसर पर किसानों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई।
मुलाकात के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने क्षेत्र में किसानों को आ रही समस्याओं जैसे फसल का उचित मूल्य, सिंचाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, गन्ना भुगतान, आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान सहित अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। डीएम ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया और कहा कि किसानों के हितों की रक्षा प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है।
पश्चिमी प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह निमेष ने कहा कि ज़िलें में नई डीएम के रूप में कविता मीना का कार्यभार संभालना प्रशासनिक दृष्टि से एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ होगी और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय किसान यूनियन संघर्ष अराजनैतिक हमेशा से किसानों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर सजग रही है और आगे भी इसी प्रकार संघर्ष जारी रहेगा। संगठन प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर किसानों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर चंद्रपाल सिंह, दिनेश जाटव, सोनू जाटव, यशवंत ठाकुर, राजीव कर्दम, विजय शर्मा, अंजू सैनी, अंजू रानी, जय प्रकाश अग्रवाल, पूनम चौधरी, सोनू गुर्जर, करुणा शर्मा और पूनम गौतम सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



