हापुड़। थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला न्यू सर्वोदय नगर से सोमवार दोपहर एक 13 वर्षीय किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न लगने पर पुलिस को तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज करने की गुहार लगाई है।मिली जानकारी के अनुसार मोहल्ला न्यू सर्वोदय नगर निवासी हरेन्द्र कुमार का पुत्र गुरमीत (13) सोमवार दोपहर करीब 3 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों और अपने सभी रिश्तेदारों में किशोर की तलाश की लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल सका। किशोर के अचानक गायब होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित पिता हरेन्द्र कुमार ने मंगलवार को कोतवाली पिलखुवा पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए किशोर की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही किशोर को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।



