हापुड़। नगर क्षेत्र के बुलंदशहर रोड पर विकास प्राधिकरण की नाक के नीचे बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग का कारोबार फल-फूल रहा है। क्षेत्र में कई स्थानों पर बिना स्वीकृत लेआउट और आवश्यक अनुमति के कृषि भूमि को आवासीय भूखंडों में तब्दील कर बेचा जा रहा है। इसके बावजूद संबंधित कॉलोनाइजरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई न होने से प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बुलंदशहर रोड के आसपास कई स्थानों पर तेजी से प्लाटिंग की जा रही है। कॉलोनाइजर आकर्षक विज्ञापनों और सुविधाओं का दावा कर लोगों को भूखंड बेच रहे हैं, जबकि अधिकांश परियोजनाओं के पास वैधानिक स्वीकृतियां नहीं हैं। नियमों की अनदेखी कर विकसित की जा रही इन कॉलोनियों से भविष्य में खरीदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ समय-समय पर बुलडोजर कार्रवाई की जाती रही है, लेकिन बुलंदशहर रोड पर चल रही कथित अवैध प्लाटिंग पर अब तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं होने से लोगों के बीच चर्चाओं का दौर जारी है। नागरिकों का सवाल है कि जब अन्य स्थानों पर अवैध निर्माणों पर सख्ती दिखाई जाती है तो यहां कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।
शहरवासियों ने मांग की है कि संबंधित विभाग क्षेत्र का सर्वे कर अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि नियमों का पालन हो सके और आम लोगों की गाढ़ी कमाई सुरक्षित रह सके।


