Report By: Nadeem Naqvi
हापुड़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नगर पालिका परिषद हापुड़ परिसर स्थित शहीद स्तंभ के समीप नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा देवी के नेतृत्व में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और पालिका कर्मियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा देवी ने स्वयं पौधरोपण कर लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना चाहिए।
कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष पति श्रीपाल सिंह, वार्ड-21 के पार्षद पवन भास्कर, नरेंद्र कोरी, संजीव वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
पालिका अध्यक्ष पुष्पा देवी ने कहा कि "विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। पेड़-पौधे केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी नींव रखते हैं। नगर पालिका हापुड़ शहर को अधिक हरित और स्वच्छ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। मेरा सभी नागरिकों से आग्रह है कि वे ‘एक व्यक्ति-एक पौधा’ अभियान को जनआंदोलन बनाएं और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी करें।"
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। यदि हर नागरिक पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।


