Banga Electronics

Kidszee

हापुड़- अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन पर सपा का जश्न, हवन-पूजन के साथ काटा केक


Report By: Nadeem Naqvi 
हापुड़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन पर बुधवार को नगर के बुलंदशहर रोड पर स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। सभी ने हवन-पूजन कर अखिलेश यादव के दीर्घायु, स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की। इसके बाद केक काटकर जन्मदिन मनाया गया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के समर्थन में नारे लगाए और अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास एवं सामाजिक न्याय की नीतियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मौजूद राष्ट्रीय प्रवक्ता एडवोकेट सुधीर चौहान ने कहा कि अखिलेश यादव की जनहितकारी सोच और विकास कार्यों के कारण युवाओं, किसानों, महिलाओं और आम जनता का भरोसा लगातार समाजवादी पार्टी पर बढ़ रहा है।

जन्मदिन के अवसर पर जिला कार्यालय के बाहर राहगीरों को शरबत वितरित किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए कार्यकर्ताओं ने लोगों को ठंडा शरबत पिलाकर सेवा का संदेश दिया। इस दौरान राहगीरों ने भी इस पहल की सराहना की।

सपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट आनंद गुर्जर ने कहा कि अखिलेश यादव केवल समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं, किसानों, गरीबों और पिछड़ों की उम्मीदों का प्रतीक हैं। उनके नेतृत्व में समाजवादी विचारधारा लगातार मजबूत हो रही है। हम सभी कार्यकर्ताओं ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हवन-पूजन किया है। आने वाले समय में समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी और प्रदेश में विकास, सामाजिक न्याय तथा जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रहेगी। आज का यह आयोजन केवल जन्मदिन का उत्सव नहीं, बल्कि समाजवादी मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।